झारसुगुड़ा उपचुनाव: भाजपा उम्मीदवार टंकधर त्रिपाठी ने दाखिल किया नामांकन

ओडिशा की झारसुगुडा विधानसभा सीट के आगामी उपचुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार टंकधर त्रिपाठी ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले उन्हें भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल से पार्टी का टिकट मिला था।

झारसुगुड़ा। ओडिशा की झारसुगुडा विधानसभा सीट के आगामी उपचुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार टंकधर त्रिपाठी ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले उन्हें भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल से पार्टी का टिकट मिला था। बाद में, त्रिपाठी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ एक जुलूस में झारसुगुड़ा डिप्टी कलेक्टर के कार्यालय पहुंचे। ओडिशा बीजेपी ने उपचुनाव के लिए पार्टी के अभियान का नेतृत्व करने के लिए दो समितियों का गठन किया है। भाजपा ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने झारसुगुडा उपचुनाव के लिए पार्टी के चुनाव प्रचार के सुचारू प्रबंधन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और सुंदरगढ़ के मौजूदा सांसद जुएल ओराम की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय समिति का गठन किया है।

 ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) जय नारायण मिश्रा, पूर्व मंत्री केवी सिंहदेव, सांसद सुरेश पुजारी और बसंत पंडा, भाजपा की ओडिशा इकाई के पूर्व अध्यक्ष समीर मोहंती और भाजपा महासचिव रवि नारायण नायक और गोलक प्रसाद महापात्र को समिति का सदस्य बनाया गया है।

इसी तरह भाजपा अध्यक्ष ने उपचुनाव के लिए बरगढ़ सांसद सुरेश पुजारी की अध्यक्षता में 14 सदस्यीय कैंपेन कमेटी का गठन किया है।

 कैंपेन कमेटी के अन्य सदस्यों में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रताप षडंगी, बलांगीर सांसद संगीता सिंहदेव, संबलपुर सांसद नितेश गंगदेव, विपक्ष के मुख्य सचेतक मोहन मांझी, विधायक शंकर ओराम, नौरी नाइक और सुभाष पाणिग्रही, पूर्व विधायक प्रदीप पुरोहित, भाजपा नेता रंजन कुमार पटेल और विधायक नित्यानंद गोंड, भवानी शंकर भोई कुसुम टेटे और मुकेश महालिग शामिल हैं।

बीजद ने दिवंगत नव किशोर दास की बेटी दीपाली दास को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह कांग्रेस ने तरुण पांडेय को अपना प्रत्याशी बनाया है। तरुण पांडे तीन बार झारसुगुड़ा के पूर्व विधायक बीरेन पांडे के बेटे हैं, जिनका पिछले महीने निधन हो गया था। बता दें कि उपचुनाव 10 मई को होगा जबकि मतगणना 13 मई को होगी।

उल्लेखनीय है कि इसी साल 29 जनवरी को तत्कालीन विधायक नव किशोर दास की हत्या के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।

Comments (0)
Add Comment